
देहरादून। एक बार फिर एक वृद्ध महिला की हत्या से राजधानी देहरादून में सनसनी फैल गई। पैसे के लेनदेन को लेकर घर के ही नौकर विनीत ने रेखा बंसल की जान ले ली। पुलिस ने हत्यारोपी विनीत को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 03 सितंबर दिनेश बंसल ने 112 कंट्रोल रूम को सूचना दी की उनकी पत्नी उम्र 72 वर्ष घर में अचेत अवस्था में पड़ी हुई हैं तथा उनके चेहरे पर चोट के निशान भी हैं। सूचना पर थाना रायपुर से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। जहां एक वृद्ध महिला अचेत अवस्था में पड़ी हुई थी, जिस पर तत्काल 108 को बुलाया गया जिन्होंने महिला को मृत्यु घोषित किया। घटना की सूचना पर एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल पर तत्काल एफएसएल की टीम को बुलाकर कर घटना स्थल से साक्ष्य संकलन, फोटोग्राफी तथा वीडियोग्राफी की कार्यवाही की गई। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आस-पास आने जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेजों का बारीकी से अवलोकन करने के साथ साथ सर्विलांस के माध्यम से भी आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई। पुलिस ने अभियुक्त विनीत को त्रिलोक गेस्ट हाउस रिंग रोड के पास से गिरफ्तार किया। जिसकी निशानदेही पर घटना में महिला से लूटा गया कडा व अभियुक्त द्वारा घटना के दौरान पहना गया कडा जिससे उसके द्वारा मृतका पर हमला किया गया था, बरामद किये गये।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह जनपद उत्तरकाशी का निवासी है तथा विगत 10 वर्षों से अजबपुरकला, देहरादून में किराये पर परिवार सहित निवास कर रहा है। वह जोगीवाला रिंग रोड, देहरादून, त्रिलोकेश गेस्ट हाउस में बीजे सिक्योरिटी सर्विसेज कम्पनी के माध्यम से रात्रि सुरक्षा गार्ड के रूप में 02 वर्षो से कार्य कर रहा । वह वादी दिनेश बंसल की डिस्पेंसरी रोड पर “अनुज प्रकाशन” नामक बुक शॉप में हेल्पर का कार्य भी करता था तथा उन्हें लगभग 15 वर्षों से जानता है। पिछले कुछ समय से दिनेश बंसल के पास उसकी वेतन की धनराशि बकाया थी तथा उसके द्वारा कई बार उक्त धनराशि माँगने के बावजूद भी उनके द्वारा उसे पैसे नहीं दिये जा रहे थे। घटना वाले दिन वह बुक शॉप से दिनेश कुमार बंसल की स्कूटी से उनके आवास पर गया। उसे पहले से ही पता था कि घर के पीछे की ओर का दरवाजा हमेशा खुला रहता है, जिस पर वह स्कूटी गेट के बाहर खड़ी की और अन्दर चला गया। उस समय घर पर रेखा बंसल अकेली मौजूद थीं। अभियुक्त ने उनसे अपने बकाया मजदूरी के पैसे माँगे तथा रेखा बंसल के इन्कार करने पर उसका रेखा बंसल से विवाद हो गया तथा अभियुक्त ने तैश में आकर अपने हाथ में पहने कडे से रेखा बंसल के चेहरे पर वार कर दिया, जिससे उनके गाल व नाक पर चोट लग गयी तथा वह वहीं बिस्तर पर गिर गयीं तथा चिल्लाने लगीं। जिस पर अभियुक्त घबरा गया तथा अपने पकडे जाने के डर से उसने रेखा बंसल को चुप कराने के लिये अपने हाथ से उनका मुँह दबाया और कुछ समय तक मुँह दबाये रखा। जब उसे विश्वास हो गया कि रेखा बंसल की मृत्यु हो चुकी है, तब उसने उनके बाएँ हाथ में पहना हुआ एक सोने का कंगन निकाल लिया तथा वहां से निकलकर गेस्ट हाउस में पहुंचकर उसने पुलिस से बचने के लिये अपने कपडे बदल लिये।
अभियुक्त द्वारा घटना के समय पहना कड़ा जिससे अभियुक्त द्वारा मृतका पर हमला किया गया था तथा अभियुक्ता का मोबाइल फोन पुलिस द्वारा बरमद किया गया।
घटना का अनावरण करने वाली पुलिस टीम को उत्साहवर्धन के लिए IG गढ़वाल परिक्षेत्र ने 5 हजार रुपये तथा एसएसपी ने ढाई हजार रुपए के नगद पुरस्कार से पुरुस्कृत किया गया।



