
देहरादून। प्रदेश की सरकारी जमीन को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के आरोपों पर भाजपा ने जवाब दिया है। भाजपा विधायक विनोद चमोली ने कांग्रेस पर अपने शासनकाल में जमीनों को लेकर गलत फैसले लेने का आरोप लगाया।
चमोली ने कहा कि कांग्रेस को सरकारी जमीन और प्रदेश के विकास को लेकर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का रिकॉर्ड देखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय कई जगह जमीनों को निजी संस्थानों और परियोजनाओं के लिए दिया गया।
भाजपा के अनुसार, वर्तमान सरकार सरकारी जमीन का मालिकाना हक अपने पास रखते हुए लीज मॉडल के जरिए निवेश लाने पर काम कर रही है। चमोली ने कहा कि जमीन सरकार की ही रहेगी और तय किए गए नियमों के अनुसार उस जमीन का उपयोग किया जाएगा।
चमोली ने कहा कि लंबे समय से खाली पड़ी सरकारी जमीन का सही उपयोग कर पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और वेलनेस जैसे क्षेत्रों में निवेश लाया जा सकता है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सरकारी जमीन का उपयोग प्रदेश के विकास और रोजगार के लिए करना है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर इस मुद्दे को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।



