
ऊधमसिंह नगर। यूएसएन जिले में बिना मान्यता और जरूरी दस्तावेजों के चल रहे मदरसों पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बाजपुर क्षेत्र में ऐसे चार मदरसों को सील किया गया है। प्रशासन के अनुसार, जांच के दौरान संचालक जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सके।
एसडीएम बाजपुर ऋचा सिंह के नेतृत्व में पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। सील किए गए मदरसों में जामिया हनफिया रजाउत उलूम, गुलशने इस्लाम, जामिया फातिमा और मोइनुल उलूम शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से क्षेत्र के अन्य मदरसों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जिन संस्थानों के पास जरूरी मान्यता और दस्तावेज नहीं होंगे, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नई मदरसा शिक्षा व्यवस्था को लेकर कुछ संचालकों ने नैनीताल हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। मामले की अगली सुनवाई 15 सितंबर को होगी।
सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था के तहत बच्चों को धार्मिक शिक्षा के साथ विज्ञान, गणित, कंप्यूटर और कौशल विकास जैसी आधुनिक शिक्षा भी दी जाएगी।



