
बनबसा। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बसे बनबसा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विशाल तिरंगा भी फहराया। बनबसा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीएम ने सैनिक स्मारक व झंडा पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्र में शहीद स्मारक और विशाल तिरंगे का लोकार्पण गौरव और सम्मान का अवसर है। यह स्मारक देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के साहस, त्याग और बलिदान की याद को हमेशा जीवित रखेगा।
उन्होंने कहा कि यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों और युवाओं को देशसेवा, त्याग और समर्पण के लिए प्रेरित करेगा। सीमावर्ती क्षेत्रों को अब देश के अंतिम छोर के बजाय ‘पहले क्षेत्र’ के रूप में विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वह स्वयं सैनिक परिवार से आते हैं, इसलिए सैनिकों के सम्मान से जुड़े इस कार्य से उनका भावनात्मक जुड़ाव है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सैन्य परंपरा गौरवशाली रही है और प्रदेश के वीर जवान देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर नारियों, वीर माता और वीरता पदक विजेता को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने वीर नारियों और भूतपूर्व सैनिकों से संवाद भी किया तथा एसएसबी जवानों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों, वीर नारियों, भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान एवं कल्याण के लिए राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल उमेद सिंह (सेवानिवृत्त), एसएसबी कमांडेंट सुरेंद्र विक्रम सहित अधिकारी, भूतपूर्व सैनिक, वीर माताएं और वीर नारियां मौजूद रहे।



