अपराधउत्तराखंडयूथराजनीतिसामाजिक

देहरादून : भाजपा की भेदभाव वाली मानसिकता का शुद्धिकरण हो : कांग्रेस

उत्तराखंड के थाने कोतवालियों में लगी तहरीरों की झड़ी

देहरादून। 8 अगस्त को हल्द्वानी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के के बाद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मंच का कथित रूप से ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के प्रकरण को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने आज प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के निर्देश पर कांग्रेस के जिलाध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों, नगर अध्यक्षों एवं ब्लॉक अध्यक्षों के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की कोतवालियों, थानों एवं पुलिस रिपोर्टिंग चौकियों में पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर लिखित तहरीर दी।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसी भी लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष समाज में किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के नेता की उपस्थिति के बाद सार्वजनिक मंच का ‘शुद्धिकरण’ करना न केवल सामाजिक सौहार्द के विरुद्ध है, बल्कि यह संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का भी अपमान है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि घटना के संबंध में पर्याप्त समय बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। इसी के विरोध में आज प्रदेशभर में कांग्रेस संगठन द्वारा पुलिस प्रशासन को तहरीर सौंपकर संबंधित असामाजिक तत्वों तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की भूमिका की जांच करते हुए, कानून के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई एवं मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कानून का शासन सभी के लिए समान होना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल के नेता के विरुद्ध आपत्तिजनक अथवा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधि के संबंध में शिकायत प्राप्त होती है तो पुलिस को राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि तहरीरों पर नियमानुसार कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपने आंदोलन को आगे बढ़ाएगी।
प्रदेश कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी सामाजिक समरसता, धर्मनिरपेक्षता और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा समाज में किसी भी प्रकार की नफरत, भेदभाव और राजनीतिक वैमनस्य को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button