
देहरादून। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर परीक्षा से पहले व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से छात्रों के साथ प्रश्न साझा कर परीक्षा की गोपनीयता भंग करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की शिकायत पर कोतवाली प्रेमनगर में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में बताया गया कि 8 जुलाई को आयोजित सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था। जांच में सामने आया कि 3 जुलाई को आरोपी सहायक प्रोफेसर ने व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से छात्रों के साथ कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए थे। परीक्षा के बाद जब इन प्रश्नों का प्रश्नपत्र से मिलान किया गया, तो उनमें काफी समानता पाई गई। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक की तहरीर पर कोतवाली प्रेमनगर में भारतीय न्याय संहिता की धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज़ किया गया |
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने सबूतों और दस्तावेजों के आधार पर शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा में कार्यरत आरोपी सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और साक्ष्य मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



