अपराधउत्तराखंडसामाजिक

हरिद्वार: मंदिर के गद्दी विवाद में हुए दोहरे हत्याकांड का खुलासा

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ स्थित एक मंदिर में हुए दोहरे हत्याकांड का हरिद्वार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मंदिर की गद्दी को लेकर हुए विवाद में दो साधुओं की हत्या की गई थी, जबकि मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक दो साधुओं की हत्या की सूचना मिलने पर थाना पथरी में बीएनएस की धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान एफएसएल टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इलेक्ट्रॉनिक सबूतों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने काठा पीर के जंगल से तीन आरोपी अंकुर उर्फ अखिल गिरी, आशु और राममिलन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मंदिर की गद्दी को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित रूप से मृतक पारसगिरी द्वारा सेवागिरी को गद्दी का उत्तराधिकारी बनाए जाने का विरोध किया। इसी विवाद के चलते दोनों साधुओं की हत्या कर दी गई। इसके बाद शवों को आश्रम परिसर में गड्ढा खोदकर दबा दिया गया और घटनास्थल पर मौजूद खून के निशान मिटाने का प्रयास किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुर उर्फ अखिल गिरी, आशु और राममिलन के रूप में हुई है। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो फावड़े और एक पाठल बरामद किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button