
देहरादून। पिथौरागढ़ के जौलजीवी महोत्सव में कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच से संबोधन का अवसर नहीं दिया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि यह केवल एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि की उपेक्षा नहीं, बल्कि उस क्षेत्र की जनता का भी अपमान है, जिसका प्रतिनिधित्व हरीश धामी करते हैं।
हरीश धामी अपने क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक हैं और महोत्सव के कार्यक्रम की अध्यक्षता भी कर रहे थे। इसके बावजूद उन्हें मंच से संबोधन का अवसर न देना कार्यक्रम की गरिमा और स्थापित प्रोटोकॉल की मर्यादाओं के विपरीत है।
जौलजीवी महोत्सव जैसे सांस्कृतिक और क्षेत्रीय आयोजन किसी राजनीतिक दल विशेष के नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता के होते हैं। ऐसे आयोजनों में राजनीतिक भेदभाव से ऊपर उठकर सभी जनप्रतिनिधियों को सम्मान और अपनी बात रखने का उचित अवसर मिलना चाहिए।
यह घटना लोकतांत्रिक परंपराओं और जनप्रतिनिधियों के सम्मान पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जब अपने ही क्षेत्र के निर्वाचित विधायक और कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जनप्रतिनिधि को संबोधन का अवसर नहीं दिया जाएगा, तो यह आम जनता की आवाज को नजरअंदाज करने जैसा है।
कांग्रेस इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करती है और आयोजकों से जवाब मांगती है कि आखिर स्थानीय विधायक हरीश धामी को उनके ही क्षेत्र के महोत्सव में संबोधन से क्यों वंचित रखा गया?



