
देहरादून। सोशल मीडिया पर फेमस होने और दोस्तों पर रौब जमाने के लिए अवैध तमंचे के साथ वीडियो बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए डालनवाला पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक अवैध देशी तमंचा लहराते हुए दिखाई दे रहा था। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की। जांच में युवक की पहचान विशाल गोदियाल के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को डालनवाला क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने दोस्तों के बीच रौब दिखाने और सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए तमंचे के साथ वीडियो बनाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर बलबीर रोड स्थित एक पुराने खंडहर से 315 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।



